हल्द्वानी
एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव: 5 नामांकन रद्द, रिषिका और चन्द्रकांत निर्विरोध तय
एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव की स्क्रूटनी में 5 पर्चे खारिज हुए। 18 बूथों पर 29 सितंबर को मतदान होगा, जबकि दो पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय है।
हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शनिवार को नामांकन प्रपत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। दिनभर चली स्क्रूटनी के दौरान तकनीकी और शैक्षणिक खामियों के कारण पांच प्रत्याशियों के नामांकन पत्र अवैध घोषित कर दिए गए। इसके साथ ही कोषाध्यक्ष पद से रक्षिता चौरसिया ने अपना नाम वापस ले लिया है। अब नौ विभिन्न पदों के लिए 74 प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए हैं।
जांच प्रक्रिया के दौरान सांस्कृतिक सचिव पद पर अब्दुल अहद सिद्दीकी और संकाय प्रतिनिधि पदों पर प्रियंका टम्टा, मोहित कुमार व रूप चंद्र की दावेदारी निरस्त कर दी गई। वहीं वाणिज्य संकाय से बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के छात्र सौरव सिंह कोश्यारी का पर्चा भी तकनीकी आधार पर खारिज हुआ। दूसरी ओर, संयुक्त सचिव छात्रा पद पर रिषिका सिंह और सांस्कृतिक सचिव पद पर चन्द्रकांत के सामने अन्य कोई वैध प्रत्याशी न होने से दोनों का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है।
कॉलेज प्रशासन ने 29 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार कुल 18 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से छात्राओं के लिए 10 और छात्रों के लिए 8 बूथ निर्धारित हैं। प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने बताया कि छात्रा मतदाताओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए उनके लिए बूथों की संख्या बढ़ाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए सभी 18 बूथों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा।
शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए कॉलेज परिसर में प्रवेश की विशेष व्यवस्था की गई है। छात्राओं को गेट नंबर तीन और छात्रों को गेट नंबर दो से प्रवेश दिया जाएगा। रविवार को चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई गई है, जबकि सोमवार को छात्रों की आम सभा आयोजित होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
