Report by : CWN Desk
Published at :
बाजपुर: गन्ना सट्टे की पर्चियां न मिलने से किसानों का चढ़ा पारा

बाजपुर। गन्ना सट्टे की पर्चियां नहीं मिलने से गुस्साए किसानों ने गन्ना सहकारी विकास समिति पहुंचकर हंगामा काटा। साथ ही ज्येष्ठ गन्ना विकास अधिकारी से मुलाकात कर समय रहते समस्या का समाधान न होने की दशा में दो दिन बाद समिति परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी।


सोमवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष (सुल्तानपुर पट्टी) राकेश गुप्ता के नेतृत्व में कुछ किसान गन्ना सहकारी विकास समिति जा धमके और जमकर हो-हल्ला किया गया। उन्होंने ज्येष्ठ गन्ना विकास अधिकारी इब्राहिम से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया।

किसानों का आरोप था कि उन्हें गन्ना सट्टे की पर्चियां नहीं मिल रही हैं, जिसकी वजह से किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि एनएच-74 मुआवजा घोटाले में जबरन इन किसानों की खतीनियों को डबल लॉकर में कैद कर रखा है, जिसके चलते किसानों को खेती-किसानी के साथ ही अन्य जरूरी कामों के लिए कागजात तैयार करवाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

लकहा कि नादेही चीनी मिल में बहुत से ऐसे किसानों को भी पर्चियां मिल रही हैं, जिनकी जमीन उनके नाम दर्ज ही नहीं है। ऐसे में यहां के किसानों को भी शपथ पत्र लेकर गन्ने की सट्टा पर्चियां जारी की जाएं। भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार सही काम कर रही है, लेकिन अधिकारी सरकार को बदनाम करने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिनों के भीतर किसानों को गन्ने की सट्टा पर्चियां नहीं मिलती हैं, तो किसान समिति कार्यालय के बाहर दरी बिछाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगे। इस मौके पर विजयपाल, मोहनलाल, रमेश, राजेंद्र, गुरमीत सिंह, रामेश्वर मित्रपाल, इंद्रपाल, सोहन प्रकाश, पान सिंह आदि किसान शामिल थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›