Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में डिजिटल अरेस्ट का खौफ: रिटायर्ड बैंककर्मी की पत्नी से ठगे 3.09 करोड़ रुपये

नौकुचियाताल के होटल कारोबारी राजेंद्र सिंह से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 68.04 लाख रुपये की ठगी। फेसबुक और टेलीग्राम के जरिए बिछाया गया था जाल। पढ़ें पूरी खबर।

भीमताल/नौकुचियाताल: उत्तराखंड के खूबसूरत पर्यटन स्थल नौकुचियाताल के एक होटल कारोबारी को ऑनलाइन ट्रेडिंग का चस्का बेहद महंगा पड़ा है। शातिर साइबर ठगों ने मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर कारोबारी से पांच महीने के भीतर 68.04 लाख रुपये की बड़ी रकम डकार ली। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली है, जिसके बाद साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की शुरुआत अक्टूबर 2025 में हुई, जब होटल कारोबारी राजेंद्र सिंह को फेसबुक पर ‘रिचा सचदेवा’ नाम की एक महिला का मैसेज मिला। महिला ने खुद को ‘हैडटेक मार्केटिंग’ का सलाहकार बताते हुए उन्हें विदेशी मुद्रा (Forex) ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए उकसाया। भरोसे में लेने के लिए उसने टेलीग्राम आईडी के जरिए कंपनी के बड़े-बड़े दावों और अन्य निवेशकों के मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा किए।
मुनाफे के लालच में आकर राजेंद्र सिंह ने 23 अक्टूबर 2025 से 13 फरवरी 2026 के बीच कुल 11 किश्तों में 68.04 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगी का खुलासा तब हुआ जब उन्होंने अपना पैसा निकालने की कोशिश की। महिला ने रकम वापस करने के बजाय टैक्स, मार्जिन मनी और एक्सचेंज फीस के नाम पर और पैसों की मांग शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब उन बैंक खातों की कुंडली खंगाल रही है जिनमें पैसा ट्रांसफर किया गया था। शुरुआती जांच में यह एक बड़े संगठित गिरोह का काम लग रहा है जो सोशल मीडिया के जरिए संपन्न लोगों को अपना शिकार बना रहा है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर निवेश न करें। सोशल मीडिया पर मिलने वाले लुभावने ट्रेडिंग ऑफर्स अक्सर फर्जी होते हैं। यदि आपके साथ भी ऐसी कोई घटना होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›