Report by : CWN Desk
Published at :
बाजपुर में पंजाब का बड़ा अपराधी गिरफ्तार: पाकिस्तान ड्रोन से मंगाता था हथियार और ड्रग्स

उत्तराखंड एसटीएफ और पंजाब पुलिस ने बाजपुर में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तान ड्रोन से ड्रग्स मंगाने वाला ईशानप्रीत सिंह गिरफ्तार।

रुद्रपुर। उत्तराखंड में अपराधियों और अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” (Operation Prahar) के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ, पंजाब पुलिस और ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के बाजपुर के केशवनगर क्षेत्र में एक साहसिक कदम उठाया। टीम ने घेराबंदी कर पंजाब के मोस्ट वांटेड और वांछित अपराधी ईशानप्रीत सिंह को धर-दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी ईशानप्रीत सिंह (पुत्र जगजीत सिंह) मूल रूप से अमृतसर के थाना छेहर्टा क्षेत्र का निवासी है। उस पर पंजाब में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह बीती 23 मई 2026 से ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर उत्तराखंड के बाजपुर में अवैध रूप से शरण लिए हुए था।
एसएसपी एसटीएफ के मुताबिक, 23 मई 2026 को पंजाब के अमृतसर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया था। उस दौरान पुलिस की दस्तक देखते ही ईशानप्रीत सिंह अपने मकान की छत से कूदकर पीछे के रास्ते फरार हो गया था। तब उसके ठिकाने की तलाशी में सुरक्षा एजेंसियों को भारी मात्रा में अवैध हथियार और मादक पदार्थ मिले थे।
इस छापेमारी में कुल 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। बरामद हथियारों में तीन विदेशी बरेटा पिस्टल, तीन जिगाना पिस्टल और छह मेड इन चाइना पिस्टल शामिल थीं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि ये सभी खतरनाक हथियार और ड्रग्स पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से आरोपी तक पहुंचाए गए थे। पूछताछ की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›