Report by : CWN Desk
Published at :
युवाओं के साथ छलावा कर रही भाजपा सरकार: सैनी

(गौरव कुमार)

पेपर लीक मामले में आप के जिलाध्यक्ष ने साधा सरकार पर निशाना

हरिद्वार। लोक सेवा आयोग द्वारा कराई गई पटवारी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय सैनी ने सरकार पर निशाना साधा। कहा कि हर साल लाखों युवाओं को रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई भारतीय जनता पार्टी की सरकार युवाओं के साथ छलावा कर रही है। भर्ती घोटाले सामने आने से साफ प्रतीत होता है कि सरकार रोजगार देने के बजाय छिनने का काम कर रही है।

प्रेस को जारी बयान में आप जिलाध्यक्ष संजय सैनी ने कहा कि प्रदेश में एक के बाद एक भर्ती घोटाला सामने आ रहा है। जिससे युवाओं में निराशा है। कड़ी मेहनत कर परीक्षा देने वाले छात्रों के भवष्यि के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार युवाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। एक एक कर सभी सरकारी परीक्षाएं घोटाले की भेंट चढ़ रही है, लेकिन सरकार कुछ भी कड़ा ऐक्शन लेने को तैयार नहीं है। जब से केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार आई है तभी से रोजगार का स्तर गिर रहा है। पढ़े लिखे युवा रोजगार के लिए दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर हो गए हैं। सरकार मूक दर्शक बनी देख रही है। पटवारी की भर्ती परीक्षा में लाखों युवा बैठे और परीक्षा दी। उनकी सालों की मेहनत बेकार हो गई। उनके साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है । यूकेएसएसएससी भर्ती घोटाले के बाद लोक सेवा आयोग द्वारा कराई गई परीक्षा का पेपर लीक होने से सरकार की नाकामी साफ साफ नजर आ रही है। इस सरकार से युवाओं को रोजगार की उम्मीद छोड़ देनी चाहिए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›