उत्तराखण्ड
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा आज: संतों से संवाद और शिवालिक कॉलेज का लोकार्पण
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों से संवाद करेंगे और ऋषिकेश में संतों के साथ बैठक भी करेंगे।
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सांगठनिक तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार (28 मई) से तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। उनके इस बेहद महत्वपूर्ण संगठनात्मक प्रवास को लेकर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने इस दौरे के दौरान प्रदेश के आला पदाधिकारियों से लेकर सबसे छोटी बूथ व पंचायत इकाई के कार्यकर्ताओं तक अपनी बात पहुंचाएंगे और चुनावी रण के लिए उनका उत्साहवर्धन करेंगे।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मूल कार्यक्रम में संशोधन करते हुए दो बेहद महत्वपूर्ण नए कार्यक्रम भी जोड़े गए हैं। वे अपने तीन दिन के व्यस्त कार्यक्रम के दौरान न सिर्फ राजनैतिक समीक्षा करेंगे, बल्कि प्रदेश के प्रतिष्ठित संतों और शिक्षाविदों से भी सीधा संवाद स्थापित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष 28 मई को दोपहर बाद देहरादून एयरपोर्ट (जौलीग्रांट) पहुंचेंगे, जहां से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। हालांकि, वर्तमान ऊर्जा संकट को देखते हुए वाहनों की संख्या सीमित रखी गई है और कोई रोड शो आयोजित नहीं होगा।
संशोधित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 29 मई की शाम को ऋषिकेश के सुप्रसिद्ध परमार्थ निकेतन आश्रम में आयोजित होने वाली भव्य गंगा आरती में सम्मिलित होंगे। इस पावन अवसर पर वे ऋषिकेश और हरिद्वार से जुटे प्रमुख संतों के साथ विशेष संवाद करेंगे। इसके अगले दिन यानी 30 मई को सुबह 11 बजे वे देहरादून स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग पहुंचेंगे, जहां ‘विकसित भारत 2047 में उच्च शिक्षा का महत्व एवं योगदान’ विषय पर आयोजित कॉन्क्लेव का हिस्सा बनेंगे और कॉलेज के नए ऑडिटोरियम का लोकार्पण भी करेंगे।
इस सांगठनिक प्रवास की सबसे खास बात यह है कि इसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को विशेष अधिमान दिया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष डाकरा क्षेत्र के एक बूथ अध्यक्ष के आवास पर जाकर भोजन करेंगे और स्थानीय बूथ कमेटी की बैठक लेकर जमीनी हकीकत जानेंगे। २८ मई को वे सबसे पहले कोर कमेटी और फिर राज्य के मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे, जबकि 29 मई को सभी सांसदों व विधायकों की संयुक्त बैठक बुलाई गई है। इस महामंथन का मुख्य उद्देश्य शीर्ष नेतृत्व से लेकर धरातल तक आगामी चुनाव को लेकर एक स्पष्ट राजनीतिक लाइन तय करना है।
