नई दिल्ली
वायुसेना में 10वीं पास के लिए बंपर भर्ती, ऐसे करें आवेदन
भारतीय वायुसेना ने अग्निवीर वायु (Non-Combatant) बैच 02/2026 के लिए आवेदन मांगे हैं। 10वीं पास उम्मीदवार 23 फरवरी तक कर सकते हैं आवेदन। पात्रता और प्रक्रिया यहाँ जानें।
नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना (IAF) ने अग्निपथ योजना के अंतर्गत ‘अग्निवीर वायु नॉन-कॉम्बैटेंट’ बैच 02/2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से हॉस्पिटैलिटी और हाउसकीपिंग स्ट्रीम में युवाओं की नियुक्ति की जाएगी। जो अविवाहित पुरुष उम्मीदवार देश सेवा का जज्बा रखते हैं और न्यूनतम 10वीं पास हैं, वे इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों की आयु सीमा बेहद महत्वपूर्ण है। आवेदक का जन्म 02 जुलाई 2005 और 02 जनवरी 2009 के बीच होना चाहिए। चयनित अग्निवीरों को चार वर्ष की अवधि के लिए नियुक्त किया जाएगा। इस दौरान उन्हें प्रथम वर्ष में 30,000 रुपये से लेकर चौथे वर्ष में 40,000 रुपये तक का मासिक वेतन व अन्य भत्ते प्रदान किए जाएंगे।
आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन है। इच्छुक उम्मीदवारों को वायुसेना की आधिकारिक वेबसाइट agnipathvayu.cdac.in से आवेदन पत्र डाउनलोड करना होगा। फॉर्म भरने के बाद, उम्मीदवार को अपनी रंगीन फोटो चिपकाकर और सभी जरूरी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ इसे डाक द्वारा भेजना होगा। ध्यान रहे कि आवेदन पत्र केवल पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
आवेदन भेजने के लिए वायुसेना ने दो प्रमुख पते साझा किए हैं। उम्मीदवार अपना फॉर्म ‘एयर ऑफिसर कमांडिंग, वायु सेना स्टेशन, नई दिल्ली’ या ‘एयर फोर्स स्टेशन मनौरी, प्रयागराज’ के पते पर भेज सकते हैं। आवेदन शुल्क पूरी तरह निशुल्क रखा गया है, जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं के लिए एक सुनहरा मौका है।
वायुसेना की इस भर्ती का मुख्य उद्देश्य तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में युवाओं की दक्षता को बढ़ाना है। 4 साल की सेवा के बाद, अग्निवीरों को सेवा निधि पैकेज और कौशल प्रमाण पत्र दिया जाएगा। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना युवाओं को अनुशासित जीवन और करियर की नई दिशा प्रदान करने में सहायक सिद्ध हो रही है।
