Report by : CWN Desk
Published at :
वन्यजीव हमलों में मौत पर अब 10 लाख का मुआवजा मिलेगा : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। उत्तराखंड में वन्यजीव हमलों से मौत के मामलों में अब पीड़ित परिवारों को अधिक राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून जू में वन्यजीव सप्ताह (वाइल्ड लाइफ वीक) के शुभारंभ अवसर पर घोषणा की कि ऐसे मामलों में परिजनों को 10 लाख रुपये तक का मुआवजा दिया जाएगा। अब तक यह राशि छह लाख रुपये थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की 14.77 प्रतिशत भूमि संरक्षित क्षेत्र घोषित है, जिसमें छह राष्ट्रीय उद्यान, सात वन्यजीव विहार और चार संरक्षण आरक्षित क्षेत्र शामिल हैं। जबकि देश में यह अनुपात 5.27 प्रतिशत है। यह उत्तराखंड की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से राज्य सरकार इकोनॉमी, इकोलॉजी और टेक्नोलॉजी के बीच संतुलन बनाते हुए विकास और पर्यावरण संरक्षण पर काम कर रही है।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने भी इस अवसर पर कहा कि जंगल और वन्यजीव हमारी धरोहर हैं और इन्हें सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही जैव विविधता को बचाया जा सकता है। इस फैसले से जहां पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा, वहीं वन्यजीव संरक्षण को लेकर समाज में संवेदनशीलता भी बढ़ेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›