Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आगाज: सीएम धामी ने खेली पारी

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में 87वीं नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। जानें कैसे उत्तराखंड खेलभूमि के रूप में रच रहा है नया इतिहास।

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल में 87वें इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने खुद टेबल टेनिस खेलकर देशभर से आए युवा खिलाड़ियों का जोश बढ़ाया। उत्तराखंड के लिए यह गौरव का क्षण है, क्योंकि राज्य पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेलों से अनुशासन, धैर्य और टीम भावना जैसे मूल्य विकसित होते हैं, जो युवाओं को जीवन के हर क्षेत्र में सफल बनाते हैं। सीएम धामी ने भारतीय टेबल टेनिस महासंघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि अब खेलभूमि’ के रूप में अपनी पहचान सशक्त कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि ‘खेलो इंडिया’ और फिट इंडिया’ अभियानों ने देश में नई खेल संस्कृति विकसित की है। उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों का उदाहरण देते हुए बताया कि उत्तराखंड ने 103 पदक जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि खिलाड़ियों की मेहनत और संकल्प भारत को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›