Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261019 WA0004

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेलाकुई में हेमवती नंदन बहुगुणा चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में 20.55 करोड़ रुपये की पांच विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान 20.55 करोड़ रुपये की पांच विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया है। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक भवन, एम्फीथिएटर और नक्षत्र वाटिका जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जिससे विश्वविद्यालय के छात्रों को बेहतरीन शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय परिसर में इन नई सुविधाओं के विकसित होने से छात्रों और स्थानीय क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने विश्वविद्यालय परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है। इसके अलावा प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों, नर्सिंग संस्थानों और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। किच्छा में बन रहा एम्स सैटेलाइट सेंटर और हल्द्वानी का कैंसर संस्थान इस दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
युवाओं के रोजगार और पारदर्शी व्यवस्था पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू करके युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है। पिछले कुछ वर्षों में हजारों युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›