Report by : Paras Bisht
Published at :
मानसून सत्र के चलते कॉर्बेट नेशनल पार्क पर्यटकों के लिए बंद

रामनगर। मानसून सत्र के चलते कॉर्बेट नेशनल पार्क का सर्वाधिक रोमांचकारी पर्यटन जोन ढिकाला के साथ ही दुर्गादेवी पर्यटन जोन 15 जून से पर्यटकों के लिए बंद हो जाएगा। इन दोनों जोन में शुक्रवार को आखिरी बार पर्यटकों को प्रवेश दिया गया। शनिवार पर्यटकों की वापसी के बाद दोनों जोन को बरसात की अवधि के दौरान बंद कर दिया जाएगा। वहीं पार्क में अब रात्रि विश्राम भी पर्यटक नहीं कर पाएंगे।
पार्क के वार्डन अमित ग्वासीकोटी ने बताया कि मानसून सीजन शुरू होने वाला है। 30 जून को बिजरानी और गर्जिया जोन में भी डे सफारी बंद हो जाएगी। हालांकि पार्क के शेष सभी जोन में जंगल के रास्ते ठीक होने तक पर्यटकों को डे सफारी के लिए खुला रखा जाएगा। बताया कि बरसात को देखते हुए 15 जून से पर्यटकों के लिए ढिकाला, दुर्गादेवी जोन को 15 जून से बंद कर दिया जाएगा।
बताया कि 15 जून के बाद पर्यटक ढिकाला को छोड़कर अन्य जोन में केवल डे सफारी करेंगे। गर्जिया, बिजरानी, झिरना और ढेला जोन में पर्यटक जंगल सफारी करेंगे। लेकिन बिजरानी पर्यटन जोन में भी 30 जून के बाद डे सफारी नहीं हो सकेगी। ढिकाला जोन में चार कैंटर सुबह और चार कैंटर शाम की पाली में डे विजिट पर जाते हैं तो बिजरानी, गर्जिया और झिरना जोन में 30 जिप्सियां सुबह और 30 जिप्सियां शाम की पाली में पर्यटकों को जंगल सफारी कराती हैं। पार्क वार्डन ने बताया कि ढिकाला जोन बंद होने के बाद पार्क की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बरसात के मौसम में पार्क क्षेत्र में अवैध घुसपैठ न हो, इसके लिए विशेष सुरक्षा गश्त की जाएगी। पार्क की दक्षिणी सीमा अति संवेदनशील होने के जवान वहां ज्यादा चौकसी की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›