Report by : CWN Desk
Published at :
कॉर्बेट नेशनल पार्क का ढिकाला जोन हुआ खुला, पर्यटकों में उत्साह का माहौल

रामनगर: विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का ढिकाला जोन आज से पर्यटकों के लिए खुल गया है। बरसात के मौसम के बाद पार्क को फिर से खोले जाने से पर्यटन कारोबारियों में उत्साह का माहौल है।
आज सुबह धनगढ़ी गेट पर कार्बेट नेशनल पार्क के निदेशक साकेत बडोला ने फीता काटकर ढिकाला पर्यटन जोन का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान पार्क के उपनिदेशक राहुल मिश्रा, डीएफओ दिगंत नायक, पार्क वार्डन अमित ग्वासकोटी सहित कई अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
ढिकाला जोन पार्क का सबसे लोकप्रिय और बड़ा जोन है। यहां पर्यटक जंगली जानवरों को करीब से देख सकते हैं। इस जोन में नाइट सफारी और नाइट स्टे की सुविधा भी उपलब्ध है। बरसात के कारण हर साल 15 जून को इस जोन को बंद कर दिया जाता है और 15 नवंबर को फिर से खोला जाता है।
ढिकाला जोन के खुलने से पर्यटकों को जंगल सफारी का आनंद लेने का मौका मिलेगा। पार्क प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा के लिए कई नए कदम उठाए हैं। पार्क में सड़कों की मरम्मत की गई है और पर्यटक निवासों को और बेहतर बनाया गया है।
पार्क प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे पार्क के नियमों का पालन करें और जंगली जानवरों को परेशान न करें। पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे जंगल सफारी के दौरान गाइड के निर्देशों का पालन करें।

कॉर्बेट नेशनल पार्क का ढिकाला जोन हुआ खुला, पर्यटकों में उत्साह का माहौल


Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›