Report by : CWN Desk
Published at :
चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का 18 जून से उत्तराखंड में पड़ेगा आंशिक असर

अंधड़ और भारी वर्षा के आसार, जून आखिर तक मानसून पहुंचने की सम्भवना

हल्द्वानी। गुजरात पहुंचे चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का असर अगले कुछ दिन में उत्तराखंड में भी दिख सकता है। मौसम विभाग ने 18 जून से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अंधड़ व भारी वर्षा की आशंका जताई है, जो दो से तीन दिन तक जारी रह सकती है।
प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक चटख धूप झुलसा रही है। हालांकि, कई क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन उमस से राहत नहीं मिली। शुक्रवार को भी प्रदेश में मौसम के मिजाज में कोई परिवर्तन आने की उम्मीद नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, फिलहाल प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते कहीं-कहीं बादल मंडरा रहे हैं। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का आंशिक असर उत्तराखंड में भी दिख सकता है।
18 जून से उत्तराखंड में बिपरजॉय चक्रवात के कारण अंधड़ और भारी वर्षा के आसार बन रहे हैं। हालांकि, इसका दक्षिण-पश्चित मानसून पर कोई खास असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। उत्तराखंड में मानसून के जून अंत या जुलाई की शुरुआत तक पहुंचने की संभावना है। इससे पहले बीच-बीच में वर्षा और ओलावृष्टि हो सकती है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›