Report by : CWN Desk
Published at :
कोसी नदी में हादसा: मछली पकड़ने गया युवक बहा, पांच घंटे बाद मिला शव

रामनगर। कोसी नदी रविवार को एक बार फिर हादसे की गवाह बनी। बंबाघेर निवासी 25 वर्षीय मदन कश्यप मछली पकड़ने बैराज के पास गया था। जाल डालते ही वह गहरे पानी में उतर गया और तेज बहाव में बह गया। कुछ देर तक वह लोगों को दिखाई देता रहा लेकिन बाद में लापता हो गया। सूचना पर पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोग जुट गए। लगभग पांच घंटे की खोजबीन के बाद युवक का शव पूछड़ी के पास मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि लगातार बारिश के चलते कोसी नदी उफान पर है। सिंचाई विभाग ने बैराज क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर रखा है। विभाग के अनुसार बैराज से पांच गेटों से पानी छोड़ा जा रहा है और सात हजार क्यूसेक पानी मौजूद है। इसके बावजूद लोग नहाने और मछली पकड़ने के लिए बैराज क्षेत्र में उतर रहे हैं। बीते शनिवार को भी एक युवक नदी में बहते-बहते बचा था, जिसे उसके दोस्तों ने खींचकर बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि बैराज क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।


Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›