देहरादून
देहरादून: फ्रिज खोलते ही लगा तेज करंट, 22 वर्षीय स्विमिंग ट्रेनर की मौत
देहरादून के पटेलनगर स्थित स्पोर्ट्स एकेडमी में फ्रिज खोलते ही करंट लगने से 22 वर्षीय स्विमिंग ट्रेनर विनय राही की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देहरादून। यहां एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां फ्रिज का दरवाजा खोलते ही अचानक लगे तेज करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय स्विमिंग ट्रेनर की जान चली गई। यह हादसा पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत भुतोवाला चौक के पास स्थित स्पायर स्पोर्ट्स एकेडमी में गुरुवार देर शाम घटित हुआ।
पटेलनगर कोतवाली के इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं ने बताया कि शाम को कंट्रोल रूम के जरिए स्पोर्ट्स एकेडमी में युवक के करंट की चपेट में आने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान मोहब्बेवाला निवासी 22 वर्षीय विनय राही के रूप में हुई है। विनय उसी एकेडमी में बतौर स्विमिंग ट्रेनर काम करता था और रोज की तरह बच्चों को ट्रेनिंग दे रहा था।
हादसे के वक्त विनय स्विमिंग की ट्रेनिंग खत्म करने के बाद पानी पीने के लिए एकेडमी के किचन में गया था। जैसे ही उसने पानी निकालने के लिए फ्रिज का दरवाजा खोला, उसमें उतरे जोरदार करंट की चपेट में आ गया। जोर का झटका लगते ही वह बेसुध होकर वहीं गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
सहकर्मी उसे आनन-फानन में क्लेमनटाउन स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे के कारणों का सही पता लगाया जा सके।
