नैनीताल
रामनगर: रेस्क्यू के दौरान युवक को कोबरा ने डसा, डिब्बे में सांप लेकर अस्पताल पहुंचा, बची जान
रामनगर के गुबानपुर में घर में घुसे कोबरा का रेस्क्यू करते समय युवक को सांप ने डस लिया। हिम्मत दिखाते हुए युवक सांप को डिब्बे में बंद कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा।
रामनगर। क्षेत्र के गुबानपुर गांव में एक साहसिक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घर में घुसे जहरीले कोबरा का रेस्क्यू कर रहे युवक को सांप ने डस लिया। हालांकि, युवक ने आपा नहीं खोया और गजब का साहस दिखाते हुए सांप को डिब्बे में बंद किया तथा उसे अपने साथ लेकर सीधे अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में युवक के हाथ में डिब्बे बंद कोबरा देख हड़कंप मच गया, लेकिन डॉक्टरों ने तत्परता दिखाते हुए उसका तुरंत इलाज शुरू किया और उसकी जान बचा ली।
मिली जानकारी के अनुसार, बेड़ाझाल निवासी अरुण कुमार टाइल्स लगाने का कार्य करता है। इसके साथ ही वह जनसेवा के तौर पर आबादी वाले इलाकों में घुस आने वाले जहरीले सांपों को रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ने का काम भी करता है। बुधवार को गुबानपुर निवासी नितिन कुमार के घर में एक खतरनाक कोबरा घुस आया था, जिसकी सूचना पर अरुण रेस्क्यू के लिए पहुंचा।
अरुण ने कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू तो कर लिया, लेकिन जब वह उसे प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर रहा था, उसी दौरान सांप ने उसकी उंगली पर डस लिया।
सांप के काटने के बावजूद अरुण बिल्कुल भी घबराया नहीं। उसने सबसे पहले कोबरा को सुरक्षित डिब्बे में बंद किया, ताकि वह किसी और को नुकसान न पहुंचा सके। इसके बाद वह डिब्बे में बंद सांप को साथ लेकर खुद ही राजकीय संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंच गया।
अस्पताल में डिब्बे में बंद जिंदा कोबरा को देखकर एक पल के लिए वहां मौजूद लोग और स्वास्थ्यकर्मी चौंक गए। हालांकि, स्थिति को समझते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बिना समय गंवाए युवक का एंटी-वेनम और अन्य आवश्यक उपचार शुरू किया।
चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि युवक को समय पर अस्पताल लाया गया और सही इलाज मिलने के कारण उसकी हालत में सुधार है और वह खतरे से बाहर है। युवक के इस साहस और ठंडे दिमाग से काम लेने की स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा हो रही है।
