Connect with us

हल्द्वानी

कालाढूंगी में हाथी का आतंक: 68 वर्षीय किसान को कुचला, अस्पताल ले जाते समय मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के कालाढूंगी में जंगली हाथी के हमले में किसान भूपेंद्र सिंह बिष्ट की जान चली गई। सब्जी लेकर घर लौटते वक्त हाथी ने उन पर जानलेवा हमला किया था।

हल्द्वानी/कालाढूंगी:उत्तराखंड के नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में जंगली हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बंदोबस्ती गांव में शुक्रवार शाम एक जंगली हाथी ने 68 वर्षीय किसान पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान बंदोबस्ती हड़कियाचौड़ निवासी भूपेंद्र सिंह बिष्ट के रूप में हुई है।
घटना के समय भूपेंद्र सिंह अपनी साइकिल से पास के शुक्र बाजार में सब्जी खरीदने गए थे। जब वह घर से मात्र 150 मीटर की दूरी पर थे, तभी अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, चीख-पुकार सुनकर जब लोग मौके पर पहुंचे, तो भूपेंद्र खून से लथपथ सड़क पर पड़े मिले।
हाथी ने भूपेंद्र के कूल्हे और छाती को बुरी तरह कुचल दिया था। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कालाढूंगी ले जाया गया। हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) हल्द्वानी रेफर किया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भतीजे अभिषेक बिष्ट ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय भूपेंद्र होश में थे। उन्होंने खुद बताया कि उन पर जंगली हाथी ने हमला किया है। डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया ने पुष्टि की है कि घटनास्थल पर हाथी के पैरों के निशान मिले हैं। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और हाथियों के रिहायशी इलाकों में आने से रोकने की मांग की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की भयावहता को उजागर कर दिया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement