Report by : CWN Desk
Published at :
रामनगर में लकड़ी तस्करों और वनकर्मियों के बीच मुठभेड़, एक गिरफ्तार, चार फरार

रामनगर। तराई पश्चिम वन प्रभाग की रामनगर रेंज के जंगलों में बुधवार रात लकड़ी तस्करों और वन विभाग की टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान तस्करों ने वनकर्मियों पर कई राउंड फायरिंग की और मुख्य सरगना समेत चार तस्कर मौके से फरार हो गए। हालांकि, वन विभाग की सतर्क टीम ने एक तस्कर को घेरकर दबोच लिया। फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात वन विभाग की टीम गुलजापुर बीट क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को जंगल के अंदर कुछ हलचल की आहट मिली। शक होने पर वनकर्मियों ने इलाके की घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरता देख तस्करों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर वन विभाग की टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की।

डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि तस्कर पेड़ काट रहे थे और टीम की घेराबंदी के दौरान उन्होंने गोलियां चलाईं। फायरिंग की आड़ में सरगना शमशेर सिंह निवासी केलाखेड़ा (बाजपुर) समेत अन्य तीन तस्कर फरार हो गए। वहीं, एक तस्कर मनजीत सिंह निवासी केलाखेड़ा को टीम ने दबोच लिया।

एसडीओ मनीष जोशी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के पास से एक देसी तमंचा (.315 बोर), कारतूस और पेड़ काटने का आरा बरामद हुआ है। विभाग ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से वन क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›