Report by : CWN Desk
Published at :
भिड़े छात्रों के गुट, बीच बचाव करने गए शिक्षक जख्मी, घायल छात्र भर्ती

पुरानी रंजिश पर चले लाठी डंडे, पुलिस तक पहुंचा मामला
ऊधमसिंह नगर। पुरानी रंजिश को लेकर विद्यालय परिसर में प्रार्थना सभा के बाद छात्रों के दो गुट भिड़ गए। एक गुट के छात्रों ने दूसरे गुट के छात्रों को दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों से पीट दिया, जिसमें छह छात्र और बीच-बचाव कर रहे दो शिक्षक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। इंदिरा गांधी राजकीय इंटर कालेज बढ़ियोवाला में बढ़ियोवाला गांव तथा आसपास के ग्रामों के 271 छात्र 270 छात्राएं पढ़ती हैं। स्थानीय गांव और आसपास के गांव के छात्रों में अक्सर विवाद होता रहता है।
शनिवार को किसी बात को लेकर बढ़ियोवाला और आसपास के गांव के छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। प्रधानाचार्य की सूचना पर पुलिस चौकी पतरामपुर के पुलिसकर्मियों ने विद्यालय पहुंचकर छात्रों के दोनों गुटों में लिखित फैसला करा दिया था। दोनों गुटों के छात्रों ने भविष्य में झगड़ा नहीं करने का वादा किया था।
सोमवार को प्रार्थना सभा के बाद एक गुट के छात्र पहले से ही छुपाए गए कूड़े के ढेर में से डंडे लेकर दूसरे गुट के छात्रों पर हमला कर दिया, जिसमें आधा दर्जन छात्र घायल हो गए। इससे विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। विद्यालय के शिक्षक कर्मचारी बीच बचाव के लिए दौड़े बीच-बचाव में दो शिक्षक भी मामूली रूप से घायल हो गए। सभी घायल छात्र कक्षा 10 और 11 के छात्र हैं।
शिक्षकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया। घायल छात्रों के अभिभावकों ने शिक्षकों और प्रधानाचार्य पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। जसपुर कोतवाल पीएस दानू ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमे की कार्रवाई की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›