Report by : CWN Desk
Published at :
नंदानगर आपदा: मलबे से पांच और शव बरामद, अब तक सात की मौत की पुष्टि

चमोली। जिले के नंदानगर क्षेत्र में बादल फटने से मची तबाही के बीच राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। शुक्रवार को कुन्तरी गांव में मलबे में दबे पांच और लापता व्यक्तियों के शव बरामद कर लिए गए। मृतकों में तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।
इससे पहले दो शव बरामद हो चुके थे, जबकि एक व्यक्ति कुंवर सिंह (42) पुत्र बलवंत सिंह जीवित मिल गए। अब तक इस आपदा में सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, लापता दो लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार मलबे को काटते-तोड़ते हुए राहत कार्य में जुटी हैं। जवान गांव-गांव जाकर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ खोज अभियान चला रहे हैं।
गौरतलब है कि बुधवार देर रात करीब 2 बजे बिनसर पहाड़ी की चोटी पर बादल फटने और अतिवृष्टि के कारण फाली लगा कुंतरी, सैंती लगा कुंतरी और धुर्मा गांव में भारी तबाही हुई थी। अचानक आए मलबे और तेज बहाव की चपेट में आकर इन गांवों में दस लोग लापता हो गए थे।
इस आपदा में अब तक 10 आवासीय मकान पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं। प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में ठहराया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आपदा राहत मद से सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›