हरिद्वार
हरिद्वार में कोहरे का तांडव: अज्ञात वाहन ने जीजा-साले को कुचला, यूपी पुलिस के होमगार्ड समेत दो की मौत
हरिद्वार के रुड़की में भीषण सड़क हादसा। घने कोहरे में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार जीजा-साले को कुचला। यूपी पुलिस के होमगार्ड लाल सिंह और उनके साले अमरीश की मौत।
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में रविवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में घने कोहरे के कारण एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार जीजा-साले को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तांशीपुर पिकेट के पास नहर पटरी मार्ग पर एक कंपनी के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर दो व्यक्ति रुड़की की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम थी, जिसके कारण वाहन चालक बाइक को देख नहीं सका और जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय लाल सिंह और उनके 35 वर्षीय साले अमरीश के रूप में हुई है। लाल सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात थे और मुजफ्फरनगर के बिजोपुरा के निवासी थे। वहीं, अमरीश मुजफ्फरनगर के ही थाना छपार क्षेत्र के स्मृति गांव के रहने वाले थे। दोनों माघ पूर्णिमा के अवसर पर हरिद्वार गंगा स्नान के लिए आए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों हरिद्वार से वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर मारने वाला अज्ञात चालक मौके से वाहन लेकर फरार होने में कामयाब रहा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से कोहरे के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की है।
