अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी चर्चाओं के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने नार्को टेस्ट कराने की सहमति दी। अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने भी लगाए गंभीर आरोप।
देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच नया मोड़ आ गया है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने इस मामले में अपना नार्को टेस्ट कराने की सहमति जता दी है। शुक्रवार को वह देहरादून स्थित अदालत पहुंचे और मीडिया के सामने अपनी सहमति से जुड़ा पत्र साझा करते हुए कहा कि वह जांच एजेंसियों को हरसंभव सहयोग करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी के नाम को लेकर लंबे समय से कई सवाल उठाए जाते रहे हैं। इस बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर का अदालत में पहुंचकर नार्को टेस्ट के लिए हामी भरना राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का मुख्य विषय बन गया है। हालांकि, जब उनसे वायरल ऑडियो के संबंध में सवाल किए गए, तो उन्होंने कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया और कहा कि फिलहाल इस पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई कर रही है।
दूसरी ओर, इस मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के भी अदालत में पेश होने की सूचना सामने आई है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उर्मिला सनावर ने बड़ा बयान देते हुए दावा किया है कि राज्य सरकार को गिराने की राजनीतिक साजिश चल रही है, जिसमें कुछ अंदरूनी लोग भी शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आगे नार्को टेस्ट किए जाते हैं, तो कई अन्य रहस्यों और हत्याकांडों का भी पर्दाफाश हो सकता है।
अभिनेत्री ने इसके अलावा आरती गौड़ पर भी कई गंभीर आरोप लगाए और कई बड़े नामों का जिक्र करते हुए उनका भी नार्को टेस्ट कराए जाने की मांग की है। अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड का एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला रहा है। अब पूर्व विधायक की नार्को टेस्ट पर सहमति और अभिनेत्री के बयानों के बाद जांच एजेंसी की आगामी कार्रवाई तथा कोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।