हरिद्वार के जगदीश वत्स पार्क में स्वतंत्रता सेनानी कीर्ति स्तम्भ का अनावरण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्मारिका का विमोचन कर वीरों को दी श्रद्धांजलि।
हरिद्वार। हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क में नवनिर्मित कीर्ति स्तम्भ और स्वतंत्रता सेनानी स्मारक का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो संदेश के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। सीएम धामी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान हमारे संस्कारों में बसा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सेनानी परिवारों के कल्याण और सुविधाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में हरिद्वार के स्वतंत्रता सेनानियों पर केंद्रित स्मारिका ‘स्वाधीनता के पथिक’ का विमोचन भी किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि और रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि वह लगातार सेनानी परिवारों की मांगों को सरकार के समक्ष उठाते रहे हैं। उन्होंने पार्क में हो रहे विकास कार्यों को इसी का सुखद परिणाम बताया। इस दौरान हरिद्वार की महापौर किरण जैसल सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की प्रमुख समस्याओं और संस्था के अभियानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्ष से अमर शहीद जगदीश वत्स की जयंती राजकीय स्तर पर मनाई जाएगी। कार्यक्रम में जनपद और अन्य क्षेत्रों से आए स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारी परिवारों को अंग वस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ शिवडेल स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘वंदे मातरम’ से हुआ और आचार्य अनुरागी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन सुरेश सुयाल और अध्यक्षता देशबंधु ने की। अंत में राष्ट्रगान के साथ इस गरिमामयी समारोह का समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर वीरों के जयकारों और देशभक्ति के माहौल से सराबोर रहा।