Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में गौला बैराज और नदी के आसपास घूमना प्रतिबंधित, बैराज की कैंटीन भी बंद

हल्द्वानी। मानसून के चलते गौला नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे जानमाल के खतरे की आशंका बढ़ गई है। इसे देखते हुए सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन ने आपात बैठक कर गौला बैराज और नदी के आसपास लोगों के घूमने पर रोक लगाने का निर्णय लिया। रविवार को हुई बैठक में बैराज स्थित विभागीय कैंटीन को भी बंद करने का फैसला लिया गया। यह कैंटीन ठेकेदार के अधीन संचालित होती थी, जिसे अब अक्तूबर तक बंद रखा जाएगा।

सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता मनोज तिवारी ने बताया कि लोग बार-बार मना करने के बावजूद नदी किनारे पहुंच रहे थे, जिससे उनकी जान जोखिम में थी। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण गौला नदी का जलस्तर बढ़कर शनिवार शाम तक 375 क्यूसेक था, जो रविवार दोपहर 933 क्यूसेक तक पहुंच गया। पानी के बढ़ते दबाव को देखते हुए बैराज का एक गेट खोलना पड़ा। शाम तक जलस्तर घटकर 720 क्यूसेक रहा।

इधर, लगातार बारिश के चलते शीतलाहाट प्लांट की जलापूर्ति ठप हो गई, जिससे काठगोदाम समेत आसपास के क्षेत्रों में करीब 2500 लोग प्रभावित हुए। इन इलाकों में टैंकरों से पानी बांटा गया। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि रकसिया नाले के पास चेतावनी बोर्ड लगा दिया गया है, ताकि नाला ओवरफ्लो होने की स्थिति में लोग उसे पार न करें।

बारिश के कारण शहर के आनंदपुरी, नैनी विहार, दमुवाढूंगा, पनचक्की तिराहा और इंदिरानगर समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। हालांकि कहीं से नुकसान की सूचना नहीं है। दूसरी ओर बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›