Report by : CWN Desk
Published at :
टिहरी के ओनाल गांव में गुलदार का हमला, मां ने बहादुरी से बचाई बच्चे की जान

टिहरी। जिले के प्रतापनगर ब्लॉक में स्थित भदूरा पट्टी के ओनाल गांव में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जब एक गुलदार ने आंगन में खेल रहे चार वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे की मां ने साहस दिखाकर गुलदार से भिड़ते हुए अपने बेटे की जान बचा ली।

पूर्व प्रधान दलवीर सिंह राणा ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे धनवीर सिंह का चार वर्षीय बेटा गणेश अपनी मां अंगूरी देवी के साथ आंगन में खेल रहा था। तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक बच्चे पर झपट्टा मारा। इस पर मां अंगूरी देवी ने हिम्मत जुटाई और गुलदार से मुकाबला करते हुए बच्चे को छुड़ाया। घर के अन्य सदस्यों ने भी शोर मचाया, जिससे गुलदार बच्चे को छोड़कर भाग गया।

गुलदार के हमले में बच्चे के सिर और कान पर गहरे घाव हो गए। परिजन तुरंत उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल और फिर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।

प्रतापनगर के ग्रामीण इन दिनों गुलदार के आतंक से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन इस तरह के हमले हो रहे हैं, जिससे बच्चों के बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

घटना के बाद रेंजर हर्षराम उनियाल ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेज दी गई है और जल्द ही क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे ताकि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को अकेला न छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि घायल बच्चे के इलाज के लिए प्रशासन से आर्थिक सहायता मुहैया कराई जा रही है।

इस घटना से ओनाल गांव में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग से ग्रामीण जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›