Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ प्रेमिका संग रहने चला पति, कोतवाली में केस दर्ज

हल्द्वानी। नैनीताल रोड निवासी एक महिला ने अपने पति पर परिवार छोड़कर दूसरी महिला के साथ रहने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पति तीन बच्चों और परिवार की जिम्मेदारी छोड़कर प्रेमिका के साथ रह रहा है। कई बार समझाने के बावजूद वह परिवार के पास लौटने को तैयार नहीं है।
महिला ने बताया कि पति के व्यवहार से घर की हालत बेहद खराब हो गई है। अब वह न तो बच्चों का खर्च उठाता है और न ही किसी तरह की जिम्मेदारी निभा रहा है। यहां तक कि फोन तक नहीं उठाता। विरोध करने पर पत्नी को धमकाता भी है। महिला का कहना है कि इस कारण बच्चों की पढ़ाई और परवरिश प्रभावित हो रही है तथा परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति के संबंध लंबे समय से दूसरी महिला से हैं और अब वह उसी के साथ रहने चला गया है। महिला ने आरोप लगाया कि बच्चों की परवाह किए बिना पति ने पूरी तरह से उनसे नाता तोड़ लिया है।
कोतवाल अमरचंद शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं पीड़िता ने उम्मीद जताई है कि कानून के हस्तक्षेप से उसे और उसके बच्चों को न्याय मिलेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›