हरिद्वार

हरिद्वार चंडी देवी मंदिर विवाद: पुजारियों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप

हरिद्वार के सिद्धपीठ मां चंडी देवी मंदिर के पुजारियों ने महंत भवानीनंदन और उनकी माता पर उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पुजारियों ने डीएम से हस्तक्षेप और रोज़गार बचाने की मांग की है, जबकि ट्रस्टी ने शराब पीने का आरोप लगाते हुए निष्कासन को सही ठहराया है।

हरिद्वार। हरिद्वार स्थित सिद्धपीठ मां चंडी देवी मंदिर में पुजारियों और ट्रस्ट प्रबंधन के बीच एक बड़ा विवाद सामने आया है। मंदिर के पुजारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से मिलकर एक शिकायती पत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने मंदिर के महंत भवानीनंदन और उनकी माता/ट्रस्टी गीतांजलि पर गंभीर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुजारियों ने डीएम से इस मामले में हस्तक्षेप कर उन्हें सुचारू रूप से मंदिर में पूजा-पाठ करने और अपना रोजगार जारी रखने की सुविधा दिलाने की मांग की है।


ज्ञापन देने वाले पुजारियों (सुभाष ममगाईं, राकेश भट्ठ, गौरव जोशी समेत नौ पुजारियों) ने आरोप लगाया कि मंदिर की ट्रस्टी गीतांजलि ने उन्हें परिसर से बाहर भगा दिया है। उनका यह भी आरोप है कि 16 अक्तूबर को उनके साथ अभद्रता की गई और विरोध करने पर ट्रस्टी ने अन्य कर्मचारियों को उन्हें मंदिर में प्रवेश न देने का निर्देश दे दिया, जिससे उनके रोज़गार पर संकट आ गया है। पुजारियों ने दावा किया कि दर्शनार्थी को चुंदरी प्रसाद में देना महंत और उनकी माता के गुस्से का कारण बन गया था।
पुजारी सुभाष ममगईं ने आगे आरोप लगाया कि प्रबंधन ने उनसे अपने घर का काम भी करवाया और उन्हें यह झांसा दिया गया कि उनकी उपस्थिति ट्रस्ट में दर्ज होती रहेगी। हालांकि, जब महीना खत्म हुआ और वेतन आया, तो उसमें पाँच से सात दिनों का वेतन काट लिया गया था। पुजारियों ने इस मनमानी और आर्थिक उत्पीड़न को रोकने के लिए जिलाधिकारी से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुजारियों के सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए ट्रस्टी और महंत की मां गीतांजलि ने उन्हें निराधार बताया। उन्होंने कहा कि पुजारियों को बिना पूछे काम करने के कारण ट्रस्ट से निष्कासित किया गया है। उन्होंने पांच पुजारियों पर अमर्यादित व्यवहार और मंदिर परिसर में शराब पीने जैसा गंभीर कृत्य करने का आरोप लगाया। गीतांजलि ने कहा कि उन्हें नोटिस दिया गया था, लेकिन जब वे नहीं सुधरे तो उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। उन्होंने पुजारियों की शिकायत को साजिश बताया और दावा किया कि उनके पास चोरी के वीडियो और श्रद्धालुओं से चुन्नी पहनाने के नाम पर पैसा मांगने के प्रमाण भी मौजूद हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Select Language

© 2025, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates

To Top
English हिन्दी