हरिद्वार
हरिद्वार न्यूज़: शिवालिक व्यापार समिति ने DM से की मुलाकात, मंगलवार को नॉनवेज बिक्री पर रोक की मांग
देवभूमि शिवालिक व्यापार समिति ने DM मयूर दीक्षित को सौंपा ज्ञापन। मंगलवार को मांस-अंडा बिक्री पर रोक, ट्रैफिक जाम और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग।
हरिद्वार। देवभूमि शिवालिक व्यापार समिति (उत्तराखंड) के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने शिवालिक नगर क्षेत्र की प्रमुख सामाजिक और व्यापारिक समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र शर्मा और भगवा हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप रोड सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
मंगलवार को नॉनवेज बिक्री पर पूर्ण रोक की मांग
व्यापारियों ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रमुखता से मांग उठाई कि शिवालिक नगर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को अंडे, मांस और सभी प्रकार के नॉनवेज की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। समिति का कहना है कि धार्मिक मान्यताओं और स्थानीय लोगों की भावनाओं को देखते हुए मंगलवार को इन दुकानों का बंद रहना आवश्यक है।
जाम और अतिक्रमण से मुक्ति की अपील
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि शिवालिक नगर की मुख्य सड़क पर शाम के समय भीषण ट्रैफिक जाम लगता है। इसके समाधान के लिए व्यस्ततम समय में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती और सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को नोटिस देने का सुझाव दिया गया। साथ ही, चिन्मय डिग्री कॉलेज के विपरीत वेंडिंग जोन निश्चित करने और क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की गई।
नशाखोरी और चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध
व्यापारियों ने क्षेत्र में बढ़ रहे सूखे नशे और गाड़ियों में बैठकर शराब पीने की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की। जिलाधिकारी से मांग की गई कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। इसके अतिरिक्त, जानलेवा चाइनीज मांझे की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने और सुभाष नगर से फाउंड्री गेट तक कनेक्टिंग रोड निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया।
