कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर 24 नवंबर के लिए हरिद्वार पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। घर से निकलने से पहले देखें पार्किंग, डायवर्जन और नो-एंट्री रूट।
हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने 24 नवंबर का नया यातायात प्लान जारी किया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए अलग-अलग शहरों से आने वाले वाहनों के लिए खास रूट और पार्किंग तय की गई है। इसके तहत 23 नवंबर की रात 12 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
एसएसपी नवनीत सिंह के अनुसार, दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले वाहन नारसन, मंगलौर और गुरुकुल कांगड़ी होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इन वाहनों के लिए बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग बनाई गई है। यातायात का दबाव बढ़ने पर इन वाहनों को लक्सर और जगजीतपुर के रास्ते बैरागी कैंप भेजा जाएगा। वहीं, मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहन चंडीचौक मार्ग से आकर नीलधारा व गौरीशंकर में पार्क होंगे।
देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नेपालीफार्म और रायवाला होते हुए लालजीवाला पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। भीड़ बढ़ने पर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा जाने वाले वाहनों को मोहंड मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा, ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों की निकासी के लिए चीला मार्ग का उपयोग होगा। टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने पर पुलिस नहर पटरी मार्ग का इस्तेमाल करेगी।
शहर के भीतर आटो, विक्रम और ई-रिक्शा के लिए भी सख्त डायवर्जन लागू रहेगा। ऋषिकेश से आने वाले आटो-विक्रम केवल जयराम मोड़ तक ही आ सकेंगे। ललतारौ पुल से शिवमूर्ति तक टैक्सी व विक्रम प्रतिबंधित रहेंगे और देवपुरा से शिवमूर्ति चौक तक ई-रिक्शा की नो एंट्री रहेगी। पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।