Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में हर्रावाला चौकी प्रभारी सस्पेंड, हाथी बड़कला और नालापानी चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर

सड़क पर निकले राजधानी के पुलिस कप्तान, ड्यूटी में लापरवाही पर की कार्रवाई

देहरादून। रात में पुलिस की चेकिंग की समीक्षा को परखने के लिए सोमवार रात करीब तीन बजे एसएसपी अजय सिंह अपने कार्यालय से निकले। तड़के चार बजे हर्रावाला चौकी के सामने बैरियर पहुंचे तो वहां चौकी इंचार्ज मौजूद नहीं मिले। उन्होंने चौकी इंचार्ज को मौके पर ही सस्पेंड कर दिया।
अपने कार्यालय से निकलने के बाद पहले वह सहारनपुर चौक पर पहुंचे। देखा तो बैरियर पर चेकिंग के नाम पर खानापूर्ति की जा रही थी। उन्होंने सीओ सिटी और इंस्पेक्टर कोतवाली को मौके पर तलब किया। यहां सख्त चेकिंग का निर्देश दिया। यहां से जोगीवाला चौकी बैरियर पर पहुंचे तो यहां पर भी चेकिंग ठीक से नहीं हो रही थी। उन्होंने सीओ सदर को इस बाबत हिदायत दी। इसके बाद शहर के एंट्री प्वाइंट हर्रावाला चौकी बैरियर पर पहुंचे। यहां तड़के चार बजे चौकी इंचार्ज मौजूद नहीं थे। एसएसपी ने चौकी इंचार्ज कमलेश गौड़ को सस्पेंड कर दिया। वहीं सीओ डोईवाला को भी मौके पर तलब किया गया। एसएसपी अजय सिंह डकैती की घटना के बाद जिले में कानून व्यवस्था में सुधार को लेकर लगातार सख्ती कर रहे हैं। उन्होंने हाल में ट्रैफिक में लापरवाही बरतने पर हाथी बड़कला और नालापानी चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›