Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड में आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। सोमवार को पहाड़ों से लेकर मैदान तक झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। मसूरी में बारिश के साथ ओले पड़ने से ठंडक और बढ़ गई। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए प्रदेश के पांच जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़—में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। साथ ही प्रदेशभर में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून में तापमान छह डिग्री गिरा
लगातार हो रही बारिश से 24 घंटे में दून का पारा करीब 6.5 डिग्री तक गिर गया। रविवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जबकि सोमवार को यह घटकर 27.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। रात का तापमान भी गिरकर 21 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार मोहकमपुर में 9.7 एमएम, यूकॉस्ट में 12 एमएम और हाथीबड़ला में 12.5 एमएम बारिश दर्ज की गई।
मसूरी में ओले और घना कोहरा
मसूरी में सोमवार को बारिश के साथ-साथ ओले भी गिरे। सुबह से शाम तक मौसम का मिजाज कई बार बदला और घना कोहरा छा गया। अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से क्षेत्र की नकदी फसलों को नुकसान पहुंचा है। ठंड बढ़ने पर लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।
दून के कई इलाकों में जलभराव
देहरादून शहर में सोमवार दोपहर बाद भी बारिश जारी रही। भारी बारिश के बाद डीएल रोड, रायपुर रोड और आर्यनगर समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिन जगहों पर सड़कें गड्ढों से भरी हैं, वहां लोगों को और ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।
चंद्रबनी वार्ड के शिव मंदिर कॉलोनी क्षेत्र से भी जलभराव की शिकायतें आईं। नगर निगम कंट्रोल रूम ने बताया कि पानी की निकासी के लिए टीम भेजी जाएगी।
सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और रास्ते बंद होने की आशंका को देखते हुए यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी लेने की अपील की गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›