नैनीताल
नैनीताल में हाई वोल्टेज ड्रामा: पति-पत्नी और वो का बीच सड़क हंगामा, कार का शीशा तोड़ा
नैनीताल के तल्लीताल डांठ पर उस वक्त हंगामा हो गया जब पति अपनी प्रेमिका के साथ पहुंचा। पीछे से पत्नी भी आ गई और बीच सड़क जमकर बवाल हुआ। प्रेमिका मौके से फरार।
नैनीताल: सरोवर नगरी के तल्लीताल डांठ चौराहे पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ‘पति-पत्नी और वो’ के चक्कर में बीच सड़क जमकर हंगामा हुआ। गाजियाबाद से अपनी प्रेमिका को घुमाने लाए पति को पत्नी ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद गुस्से में आई पत्नी और उसके परिजनों ने कार का शीशा तोड़ डाला और जमकर बवाल काटा।
मामला तब शुरू हुआ जब गाजियाबाद निवासी एक युवक अपनी प्रेमिका के साथ नैनीताल पहुंचा। इसकी भनक लगते ही पत्नी अपने परिवार के साथ उसके पीछे नैनीताल आ गई। तलाश करते हुए पत्नी ने तल्लीताल डांठ के पास पति की कार को पहचान लिया और उसे बीच चौराहे पर ही रोक लिया। मौका पाते ही प्रेमिका कार से निकलकर चुपचाप वहां से खिसक गई।
चौराहे पर मचे इस हंगामे को देख पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति के दूसरी महिला से संबंध हैं और वह अक्सर मारपीट करता है। वहीं, पति का कहना था कि उनका तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है और पत्नी व उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को तल्लीताल चौकी ले आई। पत्नी इस बात पर अड़ी रही कि प्रेमिका को भी वहां बुलाया जाए, लेकिन प्रेमी के बार-बार फोन करने पर भी वह नहीं लौटी। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की।
तल्लीताल एसओ मनोज नयाल के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही कोर्ट में विवाद चल रहा है। पुलिस ने दोनों की काउंसलिंग की और शांति बनाए रखने की हिदायत देकर उन्हें छोड़ दिया। इस पूरी घटना के कारण तल्लीताल चौराहे पर काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।
