Connect with us

चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी

गोपेश्वर: पोखरी मोटर मार्ग पर भीषण कार हादसा, अधिशासी अभियंता दंपति समेत परिवार के 3 सदस्यों की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर भीषण कार हादसा। जल विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता, उनकी पत्नी और एक बेटे की मौत, कार में लगी आग। एक बेटा गंभीर घायल। पूरी खबर यहाँ

गोपेश्वर। गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर गुरुवार शाम एक हृदय विदारक दुर्घटना में जल विद्युत निगम लिमिटेड के अधिशासी अभियंता (Executive Engineer), उनकी पत्नी और एक बेटे की मौत हो गई। पोखरी के विशाल पाव गांव से लौटते समय उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार में आग लग गई, जिससे एक बेटे की जलकर मौत हो गई।


मायके से लौट रहा था त्रिपाठी परिवार
पुलिस के अनुसार, जल विद्युत निगम लिमिटेड के इन्वेस्टीगेशन एंड प्रोजेक्ट डिविजन के अधिशासी अभियंता अरविंद त्रिपाठी (57) अपने परिवार के साथ देहरादून में रहते थे। वह पत्नी अनीता त्रिपाठी, बेटों अनंत त्रिपाठी (22) और अंबुज त्रिपाठी (25) के साथ अनीता के मायके, पोखरी के विशाल पाव गांव आए थे। गुरुवार दोपहर लगभग चार बजे परिवार वापस लौट रहा था, तभी गोपेश्वर-पोखरी रोड पर देवता के समीप कार लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
आग की चपेट में आया बेटा
हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई। अरविंद, अनीता और बड़ा बेटा अंबुज कार से छिटक गए, लेकिन छोटा बेटा अनंत त्रिपाठी अगली सीट पर ही फंसा रहा और आग की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। कार से छिटके अधिशासी अभियंता अरविंद त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अनीता त्रिपाठी ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में अंबुज त्रिपाठी गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
35 किलोमीटर दूर हुआ हादसा, जांच जारी
शाम 4:37 बजे पोखरी पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली। एसओ पोखरी देवेंद्र पंत ने बताया कि दुर्घटनास्थल पोखरी थाने से लगभग 35 किलोमीटर दूर था, लेकिन चमोली थाना पुलिस और सीओ मदन बिष्ट घटनास्थल पर पहले पहुँचे। एसपी चमोली सर्वेश पंवार ने इस दुखद घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जांच और घायल बेटे के बयान के बाद ही हादसे के कारणों का सही पता चल पाएगा। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की है।

Select Language

Advertisement