चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
पौड़ी के मेहर गांव में मकान ढहा: भारी बारिश से हादसा, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
पौड़ी गढ़वाल के मेहर गांव में भारी बारिश के कारण मकान ढहने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत। एसडीआरएफ की टीम ने मलबे से तीनों शव बरामद किए।
पौड़ी। जिले में भारी बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया है। सतपुली के पास स्थित मेहर गांव में एक मकान ढह गया। मकान गिरने से उसके मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ ने जिला पुलिस, तहसील प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच मलबे को हटाकर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान मलबे में दबे तीनों व्यक्तियों के शव एक-एक कर बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान 80 वर्षीय मथुरा देवी, 44 वर्षीय धीरेंद्र सिंह और एक 5 वर्षीय मासूम बालक के रूप में हुई है। शवों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल की गहन जांच करने के बाद रेस्क्यू अभियान को समाप्त घोषित किया। इलाके में भारी बारिश के चलते स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। स्थानीय प्रशासन प्रभावित परिवार की सहायता के लिए आगे की प्रक्रिया में जुट गया है।
