Report by : CWN Desk
Published at :
हरिद्वार में सीमा पर ही रोक दी जाएंगी माडिफाइड व बिना साइलेंसर बाइक, पौड़ी जिले में नहीं करने दिया जाएगा प्रवेश

भीड़ बढ़ने पर रात में भी यात्रा संचालन संबंधी समस्या का निकाला जायेगा हल
ऋषिकेश। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्वेता चौबे ने लक्ष्मणझूला में स्थानीय जनता, व्यापारियों, टैक्सी यूनियन व जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय गोष्ठी में समस्या व सुझाव प्राप्त किए।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के निर्देश पर माडिफाइड और बिना साइलेंसर वाली बाइक हरिद्वार में उत्तराखंड की सीमा पर रोक दी जाएगी। नीलकंठ मेला क्षेत्र में लगाए गए 74 सीसीटीवी कैमरा के जरिए ऐसी बाइक चालकों पर नजर रखी जाएगी।
नागरिकों ने एसएसपी के समक्ष यह समस्या रखी की झूला पुलों और गंगा तटों पर रील बनाने और सेल्फी के कारण जाम लगता है तथा दुर्घटनाएं भी घटित होती है। जिस पर पुलिस कप्तान ने पब्लिक अलाउंस सिस्टम के माध्यम से जानकारी प्रसारित करने और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
भीड़ बढ़ने पर रात्रि में भी यात्रा के संचालन संबंधी सुझाव पर उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों और वन विभाग के साथ बातचीत कर इस समस्या का भी हल निकाला जाएगा। जनपद देहरादून और टिहरी गढ़वाल क्षेत्र के स्कूलों में जाने वाले लक्ष्मण झूला क्षेत्र के बच्चों के लिए एसएसपी ने कहा कि संबंधित जनपद के अधिकारियों से बात कर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
नागरिकों के एक अन्य सुझाव पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि संपूर्ण क्षेत्र में शराब पीकर हुड़दंग मचाने और शांति व्यवस्था में बाधा बनने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। उसके लिए आपरेशन मर्यादा सक्रियता के साथ चलाया जाएगा।
गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार शेखर चंद्र सुयाल, उप सेनानायक आइआरबी राजन सिंह, प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं, डा. नारायण सिंह रावत, अरविंद नेगी, शलभ अग्रवाल, नवीन राणा, मनोज राजपूत, मनीष राजपूत, देवेंद्र सिंह राणा, आदेश तोमर, जितेंद्र धाकड़, अशोक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›