Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल में विश्व विख्यात कैंची धाम के नाम पर दान की अवैध वसूली और फर्जी प्रसाद वितरण का आरोप

(कमल जगाती)
नैनीताल
। नैनीताल में विश्व विख्यात कैंचीं धाम के नाम पर दान की अवैध वसूली औऱ फर्जी प्रसाद वितरण का आरोप लगाते हुए मंदिर प्रबंधन ने आरोपियों से बाज आने को कहा है। मंदिर ट्रस्ट के सचिव ने कहा कि मंदिर किसी से कुछ नहीं मांगता है, वो पहले इन गलत काम करने वालों को समझाएंगे और फिर पुलिस और कानूनी कार्यवाही करेंगे।
नैनीताल जिले के कैंचीं धाम मंदिर में पिछले कुछ दिनों से अपराधियों की काली नजर पड गई है। आरोप है कि इन्होंने मंदिर के गेट, सीडी और पुलिया पर मंदिर के नाम पर दान मांगने के लिए नकली रसीद बुक लेकर अवैध वसूली शुरू की है। इतना ही नहीं ये मंदिर का प्रसाद बांटने के नाम पर भक्तों और यात्रियों को धोखा देते हैं और भंडारे के नाम पर रुपये वसूलते हैं। शिकायत मिलने पर मंदिर ट्रस्ट सख्त हुआ और उन्होंने ऐसे अपराधियों को मंदिर परिसर से बाहर कर ऐसी हरकतों से बाज आने को कहा। मंदिर प्रबंधन ने ये भी आरोप लगाया कि ये लोग वेबसाइट अकाउंट बनाकर सीधी साधी जनता से रुपये ऐंठ रहे हैं।
मंदिर ट्रस्ट के सचिव आलोक चोपड़ा ने बताया कि मंदिर की तरफ से मंदिर के भीतर ही प्रसाद वितरित किया जाता है और मंदिर प्रबंधन या मंदिर से जुड़ा कोई भी व्यक्ति मंदिर के लिए या उसके नाम पर रुपये नहीं मांगते हैं। ये लोग मंदिर से किसी भी तरह से जुड़े नहीं हैं। उन्होंने ये भी कहा कि मंदिर की सेवा या व्यवस्था के लिए लोग खुद ही दान देकर जाते हैं जिससे मंदिर की सभी व्यवस्थाएं चलती हैं। उनका कहना है कि मंदिर के नाम पर किसी को कुछ न दें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›