देहरादून

देहरादून के इस गांव में महापंचायत ने शादी समारोह में डीजे और फास्ट फूड पर लगाया प्रतिबंध

दहेज पर लगाई रोक, गांवों में किसी भी तरह के नशा करने पर होगा बहिष्कार
देहरादून। सहिया के खत बमटाड़ के 24 गांवों के ग्रामीणों ने शादी समारोह में समाजिक ताने-बाने को बरकरार रखने और फिजूलखर्च को रोकने की पहल की है। नराया गांव में महापंचायत कर उन्होंने 16 सामूहिक प्रस्ताव पारित किए। इसमें शादी समारोह में डीजे और फास्ट फूड पर प्रतिबंध लगाया गया है।
दहेज पर भी पूरी तरह से रोक लगाते हुए बिटिया को पुराने रीति रिवाज के अनुसार पांच सामान संदूक बिस्तर, कटोरा-थाली, बंटा और परात के साथ विदा करने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने गांवों में किसी भी तरह के नशे के सेवन या बिक्री पर भी रोक लगाने का फैसला लिया। यह भी तय किया गया कि जो भी इन फैसलों का उल्लंघन करेगा उसका गांव और खत से बहिष्कार किया जाएगा।
कालसी और चकराता तहसील के खत बमटाड़ के 24 गांवों में करीब 650 परिवार रहते हैं। छोटा करोबार और खेती-बाड़ी उनका मुख्य व्यवसाय है। शादी समारोह में फिजूलखर्च को रोकने के लिए वे कई दिनों से कोशिश कर रहे थे। रविवार को समाज सुधार समिति की ओर से आयोजित महापंचायत में करीब दो सौ लोगों ने भाग लिया और सामूहिक रूप से 16 फैसले लिए।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि खत बमटाड़ के 24 गांवों में शादी पार्टी आदि सार्वजनिक कार्यक्रमों में डीजे, बीयर और फास्ट फूड के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। मेहंदी कार्यक्रम अपने परिवार और अपने रिश्तेदारों तक सीमित रहेगा। यह निर्णय भी लिया गया कि परिवार में पहले लड़के की शादी में मौखी यानी मामा एक बकरा और आटा चावल को छोड़कर अन्य सामान नहीं ला सकता।
रहिणी भोज (महिला भोज) में घर पर खाना दिया जाएगा। घर के लिए हिस्सा देने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि शाम के भोजन की व्यवस्था की जाएगी। रहिणी भोज की व्यवस्था घर या टेंट लगाकर भी की जा सकती है। लड़के की शादी में न्योता 51 रुपये से 101 रुपये तक ही दिया जा सकेगा।
महापंचायत खत बमटाड के सदर स्याणा (मुखिया) मातबर सिंह तोमर और खाग स्याणा बुध सिंह तोमर की अध्यक्षता में हुई। इसमें अजब सिंह नेगी, अतर सिंह तोमर, आनंद सिंह तोमर, परमानंद शर्मा, गजेंद्र सिंह चौहान, संतन सिंह तोमर, किशन सिंह, टीमम सिंह, मातबर सिंह, मुन्ना सिंह, सुरेंद्र सिंह तोमर, विरेंद्र सिंह तोमर, राजेंद्र राणा, सरदार सिंह, जीवन सिंह आदि मौजूद रहे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

संपर्क करें –

ईमेल: [email protected]

Select Language

© 2023, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates
Website Developed & Maintained by Naresh Singh Rana
(⌐■_■) Call/WhatsApp 7456891860

To Top
English हिन्दी