Connect with us

उधमसिंह नगर

ऊधमसिंह नगर में हाईवे पर फिल्मी स्टाइल में अंधाधुंध फायरिंग, राहगीर महिला को लगी गोली

Published

on

खबर शेयर करें 👉

ऊधमसिंह नगर के पुलभट्टा हाईवे पर दो कारों में सवार पांच बदमाशों ने चलते ट्रक चेसिस पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस दौरान एक राहगीर महिला को गोली लग गई।

किच्छा। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां थाना पुलभट्टा क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर दो कारों में सवार पांच युवकों ने एक चलते ट्रक चेसिस के चालक को निशाना बनाते हुए करीब दो किलोमीटर तक अंधाधुंध फायरिंग की। इस दुस्साहसिक वारदात के दौरान बदमाशों की ओर से चलाई गई एक गोली ट्रक से छिटककर पास से गुजर रही बाइक पर सवार महिला को जा लगी। पीड़ित ट्रक चालक ने किसी तरह गाड़ी को पुलभट्टा थाने में घुसाकर अपनी जान बचाई।
यह पूरी घटना मंगलवार रात करीब 9:20 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को दी तहरीर में ग्राम दोपहरिया निवासी पीड़ित चालक जगजीत सिंह ने बताया कि वह अशोक लेलैंड के ट्रक चेसिस को लेकर मुंबई के लिए निकला था। तभी गांव के बाहर पहले से घात लगाए बैठे पांच आरोपियों ने अचानक उस पर तमंचे से फायर झोंक दिया। जब जगजीत ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई, तो आरोपियों ने अपनी कारों से उसका पीछा करते हुए लगातार चलती गाड़ी पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
इसी अंधाधुंध गोलीबारी के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। आरोपियों द्वारा चलाई गई एक गोली चेसिस की बॉडी से टकराकर दिशा बदल गई और बगल से गुजर रही बाइक पर पीछे बैठी महिला के कंधे और जांघ में जा लगी। घायल महिला की पहचान शाइस्ता बी निवासी पीलीभीत के रूप में हुई है, जो अपने पति और बच्चों के साथ बाइक पर जा रही थी। महिला को बेहद गंभीर हालत में इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।
ट्रक चालक जगजीत सिंह की तहरीर के आधार पर पुलभट्टा थाना पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान जितेंद्र चौधरी, हरमन, विक्रमजीत, निरंजन सिंह और सर्वजीत बाजवा के रूप में की है, जो बिलासपुर और भोट (रामपुर) क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  कांग्रेस के पूर्व आईटी सेल प्रभारी नितिन कौशिक ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में पारिवारिक तनाव का जिक्र

Select Language

Advertisement