Report by : CWN Desk
Published at :
हकीकत! पिथौरागढ़ के वनराजि गाँव में एक भी महिला 8वीं पास नहीं, पंचायत चुनाव रद्द

हल्द्वानी की 16 वर्षीय किशोरी इंस्टाग्राम पर बने प्रेमी से मिलने अलीगढ़ पहुंची। पकड़े जाने के डर से उसने मोबाइल पर SOS पैनिक बटन दबाकर अपहरण का नाटक किया। पुलिस ने किया खुलासा।

हल्द्वानी। एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। हल्द्वानी थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय एक किशोरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती के बाद, अपने प्रेमी के बुलावे पर उससे मिलने के लिए 230 किलोमीटर से अधिक दूर अलीगढ़ पहुंच गई। किशोरी अपने प्रेमी के साथ एक दिन रही। लेकिन घर लौटने और घरवालों का सामना करने के डर से, उसने एक नाटकीय कदम उठाया। उसने खुद को बड़ी मुसीबत में बताकर अपने मोबाइल फोन के उत्तराखंड पुलिस एप पर मौजूद एसओएस पैनिक बटन दबा दिया और अपने अपहरण की झूठी सूचना दी।
SOS अलर्ट से हल्द्वानी से अलीगढ़ तक पुलिस में हड़कंप
किशोरी के घर से लापता होने के बाद 20 नवंबर को उसकी मां की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। अगले दिन, जब किशोरी के फोन से इमरजेंसी अलर्ट पहुंचा, तो हल्द्वानी पुलिस में हड़कंप मच गया। किशोरी ने फोन पर बताया कि एक युवक ने उसका अपहरण कर लिया था और वह किसी तरह जान बचाकर भागी है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए, हल्द्वानी पुलिस ने तुरंत अलीगढ़ पुलिस का सहयोग लिया और एक टीम आनन-फानन में वहां भेजी। जब पुलिस ने किशोरी से बातचीत शुरू की, तो उसके बयानों में लगातार विरोधाभास दिखा।
काउंसलिंग में हुआ खुलासा: पकड़े जाने का था डर
पुलिस ने संदेह होने पर किशोरी को काउंसलिंग के लिए बाल कल्याण समिति (CWC) के हवाले कर दिया। काउंसलिंग के दौरान किशोरी टूट गई और उसने पुलिस को पूरी सच्चाई बताई। किशोरी ने कबूल किया कि उसकी मुलाकात अलीगढ़ निवासी एक लड़के से इंस्टाग्राम पर हुई थी। वह उसी से मिलने बस से अलीगढ़ गई थी। अगले दिन जब उसे घर लौटना था, तो पकड़े जाने के डर से उसने अपहरण की झूठी कहानी रची और ध्यान भटकाने के लिए पैनिक बटन दबा दिया।
आरोपी प्रेमी पर होगी कार्रवाई, युवाओं के लिए चेतावनी
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब किशोरी के बयान दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। वहीं, अलीगढ़ निवासी आरोपी प्रेमी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। यह घटना सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से दोस्ती करने वाले युवाओं के लिए एक बड़ी चेतावनी है। माता-पिता को भी अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए ताकि वे ऐसे प्रेम जाल और खतरों से बच सकें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›