Report by : CWN Desk
Published at :
नवनियुक्त आईजी कुमाऊं रिधिम अग्रवाल ने कहा- अपराध रोकने के लिए अफसरों को फील्ड में उतरना होगा

नैनीताल। कुमाऊं की नई आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में आकर अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुमाऊं मंडल के सभी जिलों के एसएसपी के साथ बैठक की और पुलिस की सतर्कता और सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। आईजी अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि पुलिस की प्रभावी उपस्थिति से अपराधों में स्वतः कमी आएगी।

संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश
अपराधों पर नियंत्रण के लिए आईजी ने जिलों में संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। अधिक कैमरे लगाने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा और अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी। इसके अलावा, उन्होंने पुलिस आचरण नियमावली का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी और कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महिला अपराधों और नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के आदेश
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने महिला सशक्तिकरण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर महिला अपराधों और पॉक्सो मामलों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की भी योजना बनाई जा रही है।

आईजी अग्रवाल ने यह भी कहा कि पुलिस का संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार ही जनता में विश्वास पैदा करेगा। उनकी इस सख्त और सक्रिय रणनीति से कुमाऊं में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›