हल्द्वानी
कालाढूंगी हादसा: पिकअप और स्कूटी की टक्कर में छात्रा की मौत, सहेली गंभीर
हल्द्वानी-कालाढूंगी मार्ग पर पिकअप और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत। बीकॉम की छात्रा भावना की मौत, सहेली नेहा जोशी अस्पताल में भर्ती। पढ़ें पूरी खबर।
कालाढूंगी: हल्द्वानी-कालाढूंगी मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। भाखड़ा पुल के पास एक तेज रफ्तार पिकअप और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी चला रही 20 वर्षीय छात्रा भावना रावत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी सहेली नेहा जोशी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
मृतक भावना रावत महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा थी और चकलुवा स्थित एक फैक्ट्री में काम कर अपनी पढ़ाई का खर्च उठा रही थी। पुलिस के अनुसार, शाम को फैक्ट्री से छुट्टी के बाद भावना अपनी सहेली नेहा को घर छोड़ने जा रही थी। तभी सामने से आ रही अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवतियां सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद भावना को मृत घोषित कर दिया। घायल नेहा जोशी की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। नेहा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी फिलहाल हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है और उसके सिर व गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं।
इस हादसे के बाद से भावना के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। होनहार बेटी की मौत की खबर ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि पुलिस ने पिकअप और स्कूटी दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
