Report by : कालू वर्मा
Published at :
कांवड़ मेला: महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ महिला कार्मिकों की संवेदनशील घाटों पर तैनाती

एसडीआरएफ कमांडेंट मणिकांत मिश्रा की अहम पहल
हरिद्वार
। 3 जुलाई 2023 से कांवड़ मेले का शुभारंभ के साथ ही अन्य राज्यों से भारी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने हेतु देवभूमि उत्तराखंड पधार रहे है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत SDRF कार्मिकों को हरिद्वार, ऋषिकेश व नीलकंठ में संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। SDRF जवानों द्वारा अपनी कार्यकुशलता को सिद्ध करते हुए विभिन्न घाटों पर स्नान करते समय नदी के तेज बहाव में आकर डूबने वाले अनेक कांवडियों का जीवन भी सुरक्षित किया गया है।
विगत कुछ दिनों से राज्य में महिला शिवभक्त भी भारी संख्या में शुभागमन कर रही है। कांवड़ मेले में पधार रही इन महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगम यात्रा के दृष्टिगत श्री मणिकांत मिश्रा, कमांडेंट SDRF द्वारा अहम पहल की गई है। महोदय के निर्देशानुसार कांवड़ मेले में SDRF उत्तराखण्ड पुलिस की विशेषज्ञ महिला कार्मिकों को  संवेदनशील घाटों पर तैनात किया गया है। यह विशेषज्ञ महिला कार्मिक कुशल तैराक है जो महिला शिवभक्तों को  सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित रिस्पांस देने में दक्ष है। निश्चित ही इस पहल से सभी कांवड़िये देवभूमि से स्वर्णिम स्मृतियाँ लेकर जाएंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›