Report by : Paras Bisht
Published at :
पंचायत चुनाव से पहले नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शराब तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद

हल्द्वानी। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों से पहले नैनीताल पुलिस ने अवैध शराब तस्करों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पास से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई है।
पहली कार्रवाई में एसओजी प्रभारी संजीत राठौर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने बरेली रोड स्थित नेगी भोजनालय में चेकिंग के दौरान रेस्टोरेंट मालिक पंकज पलडिया पुत्र स्व. आनन्द बल्लभ पलडिया, निवासी तल्ली हल्द्वानी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 16 पेटी अवैध देसी मसालेदार शराब बरामद की गई। इनमें 9 पेटी किन्न ब्रांड, 6 पेटी अंगूर ब्रांड और 1 पेटी माल्टा ब्रांड टेट्रा पैक शामिल हैं। कुल 768 टेट्रा पैक शराब मिलने पर उसके खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई लालकुआं पुलिस द्वारा स्लीपर फैक्ट्री के पास की गई, जहां अजय उर्फ नाटा पुत्र स्व. पप्पू निवासी घोड़ानाला बिंदुखत्ता को एक प्लास्टिक के कट्टे में रखे 68 पाउच अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ भी कोतवाली लालकुआं में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि चुनाव से पहले किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्यवाहियां आगे भी जारी रहेंगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›