Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: किच्छा में अवैध हथियारों के साथ तस्कर गिरफ्तार

एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में यूपी से हथियार ला रहे तस्कर को गिरफ्तार किया। कार से भारी मात्रा में तमंचे और बंदूक बरामद। पढ़ें पूरी खबर।

किच्छा। उत्तराखंड एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध हथियारों की तस्करी का एक बड़ा खुलासा किया है। टीम ने उत्तर प्रदेश से हथियारों की खेप लेकर देवभूमि में प्रवेश कर रहे एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार को यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर पुख्ता सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस ने बहेड़ी के रास्ते उत्तराखंड आ रही एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर उसकी तलाशी ली। चेकिंग के दौरान वाहन के भीतर से छह तमंचे (315 बोर), एक 12 बोर की बंदूक और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और कार को सीज कर दिया।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश गंगवार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का रहने वाला है, लेकिन पिछले कई वर्षों से किच्छा की उत्तरांचल कॉलोनी में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हथियारों की यह खेप उत्तराखंड में किसे सप्लाई की जानी थी। इस सफल ऑपरेशन के बाद बॉर्डर पर सुरक्षा और चेकिंग अभियान को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›