Report by : CWN Desk
Published at :
जागेश्वर मास्टर प्लान: आरतोला में भूमि अधिग्रहण को लेकर ग्रामीणों और अधिकारियों की बैठक

जागेश्वर (अल्मोड़ा)। जागेश्वर क्षेत्र के मास्टर प्लान के तहत आरतोला गांव की वन पंचायत भूमि के अधिग्रहण को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों और अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट (पीआईयू) के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मास्टर प्लान में कई महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित हैं, जिनके लिए आधा हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है।
पीआईयू के एई हेमंत पाठक ने जानकारी दी कि प्रस्तावित निर्माण कार्यों में ई-वी चार्जिंग स्टेशन, पार्किंग गेट, दुकानें, पार्किंग, मेडिकल सेंटर और रैन बसेरे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्य स्थानीय लोगों और क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों दोनों के लिए उपयोगी साबित होंगे।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि भूमि का हस्तांतरण ग्राम पंचायत की खुली बैठक में सभी की आम सहमति से ही किया जाएगा। कोटुली गूठ के सरपंच पूरन सिंह और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंदन सिंह राणा ने कहा कि सामूहिक निर्णय लिए बिना किसी भी प्रकार की भूमि उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही ग्राम सभा की खुली बैठक बुलाई जाएगी और तभी अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना था कि विकास कार्य स्वागत योग्य हैं, लेकिन भूमि ग्राम पंचायत की संपत्ति है, इसलिए उसका हस्तांतरण पूरी पारदर्शिता और सर्वसम्मति से ही होना चाहिए।
बैठक में कनिष्ठ अभियंता हर्षिता सुयाल, राजस्व उपनिरीक्षक सुरेश अंडोला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस बैठक ने यह साफ कर दिया कि जागेश्वर मास्टर प्लान को लेकर ग्रामीण विकास कार्यों के पक्ष में हैं, मगर भूमि अधिग्रहण पर अंतिम निर्णय सामूहिक सहमति के बाद ही लिया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›