Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल: 55 दिन में दूसरी बार ‘ओल्ड लंदन हाउस’ में लगी भीषण आग! 25 लाख का नुकसान

नैनीताल के ऐतिहासिक ‘ओल्ड लंदन हाउस’ में फिर आग लगने से लाखों का फर्नीचर जला। दो महीने से कम समय में यह दूसरी घटना, 27 अगस्त के अग्निकांड में हुई थी एक मौत। पुलिस जांच जारी।

नैनीताल। उत्तराखंड के पर्यटन नगरी नैनीताल में एक बार फिर आग लगने की बड़ी घटना सामने आई है। मल्लीताल स्थित ऐतिहासिक ‘ओल्ड लंदन हाउस’ की इमारत सोमवार देर रात करीब ढाई बजे धधक उठी। इस अग्निकांड में परिसर स्थित एक फर्नीचर की दुकान और गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। यह घटना इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि ठीक 55 दिन पहले, 27 अगस्त को, इसी भवन में आग लगने से एक बुजुर्ग महिला की जलकर मौत हो गई थी।


रात ढाई बजे उठा धुआँ, करोड़ों का नुकसान
सोमवार देर रात करीब ढाई बजे भवन के चौकीदार ने ‘कनौजिया फर्नीचर हाउस’ से घना धुआँ उठते देखा। उसने तुरंत दुकानदारों, अग्निशमन विभाग और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालाँकि, तब तक आग पूरी दुकान और गोदाम में फैल चुकी थी, जिससे फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
फर्नीचर हाउस के मालिक गोविंद कनौजिया ने इस घटना में लगभग 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। एसडीएम नैनीताल नवाजिश खलिक ने बताया है कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर नुकसान का आंकलन कर रही है। यह लगातार दूसरी बार है जब इस ऐतिहासिक इमारत को भारी क्षति पहुंची है, जिससे नैनीताल पर्यटन से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है।
दो महीने में दूसरी घटना, खड़े हुए सुरक्षा पर सवाल
पिछली घटना, जो 27 अगस्त को हुई थी, में भवन की ऊपरी मंजिल पर बने पाँच आवास जल गए थे और एक 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। उस समय नीचे की दुकानों को पानी से भीगने के कारण भारी नुकसान हुआ था। दो महीने से भी कम समय में यह दूसरी बार आग लगने की घटना है, जो भवन की सुरक्षा और आग लगने के कारणों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जाँच
आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग गहन जाँच में जुट गए हैं। एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा के निर्देश पर पुलिस ने आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में रात दो बजे तक कुछ युवक पटाखे जलाते हुए दिखे हैं, जिसके बाद सड़क सुनसान हो गई थी। पुलिस फुटेज के आधार पर आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता लगाने और यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि यह कोई दुर्घटना है या साज़िश।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›