Report by : Paras Bisht
Published at :
हलद्वनी: हल्दूचौड़ के प्रतिष्ठित व्यापारी दंपत्ति की आत्महत्या मामले में पुलिस जांच में जुटे नए पहलू

हल्दूचौड़ में दुम्का ट्रेडर्स के मालिक रमेश दुम्का (65) और पत्नी कमला दुमका (50) ने की आत्महत्या। जानें आर्थिक तंगी, कर्ज और दूसरी शादी के एंगल पर पुलिस जांच के अपडेट्स।

हल्दूचौड़ (Haldwani): हल्द्वानी के हल्दूचौड़ मुख्य बाजार में बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई। क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यवसायी, दुम्का ट्रेडर्स के मालिक रमेश दुम्का (65) और उनकी पत्नी कमला दुमका (50) ने मंगलवार देर रात अपने घर की पहली मंजिल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने दोनों के शवों को अलग-अलग कमरों में पंखे से लटका देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई।
आर्थिक तंगी और कर्ज का बोझ
परिजनों और पड़ोसियों से मिली जानकारी के अनुसार, व्यापारी रमेश दुम्का पिछले कुछ समय से गंभीर आर्थिक संकट और बड़े कर्ज के बोझ से बुरी तरह परेशान थे। माना जा रहा है कि बढ़ते मानसिक दबाव के कारण ही इस दंपत्ति ने इतना बड़ा कदम उठाया होगा। पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात दैनिक कार्यों के बाद दोनों अपने-अपने कमरों में चले गए थे। सुबह जब वे बाहर नहीं निकले, तब इस दुखद घटना का पता चला।
फॉरेंसिक टीम मौके पर, विधायक ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। इस बीच, लालकुआं के विधायक मोहन बिष्ट भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम सभी पहलुओं की गहराई से जांच करेगी, ताकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट रूप से खुलासा हो सके।
दंपत्ति का निजी जीवन और तीन बच्चे
स्थानीय लोगों के अनुसार, रमेश दुम्का की पहली पत्नी का लगभग 15 वर्ष पहले निधन हो गया था, जिसके बाद उन्होंने दूसरी शादी की थी। इस दंपत्ति के तीन बच्चे हैं— एक बेटा और दो बेटियां— जिनकी शादी हो चुकी है। मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाने वाले इस व्यापारी दंपत्ति की मौत से पूरे हल्दूचौड़ बाजार में सन्नाटा पसरा है और व्यापारी वर्ग सदमे में है। पुलिस अब आर्थिक तंगी और कर्ज के एंगल पर अपनी जांच केंद्रित कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›