Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल जिले के हल्दियानी गांव में बाघ का हमला, एक व्यक्ति घायल

नैनीताल। नैनीताल जिले के बेतालघाट बाजार के पास स्थित हल्दियानी गांव में रविवार शाम एक खौफनाक घटना हुई। यहां खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्दियानी निवासी 50 वर्षीय दयाल चंद्र पुत्र इंद्रमणि शाम करीब चार बजे अपने खेत में काम कर रहे थे। तभी अचानक एक बाघ ने उन पर हमला बोल दिया। दयाल के चीखने की आवाज सुनकर आसपास काम कर रही महिलाएं मौके पर पहुंचीं और शोर मचाकर बाघ को भगाने का प्रयास किया। उनके प्रयास सफल रहे और बाघ जंगल की ओर भाग गया।
ग्रामीणों ने तुरंत घायल दयाल को बेतालघाट सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉ. शिशिर ने बताया कि दयाल के सिर और हाथ पर वन्यजीव के दांत और पंजों के गहरे निशान हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और उनकी स्थिति स्थिर है।
घटना की सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बाघ को पकड़ने के लिए ट्रैप कैमरे और पिंजरे लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि हमला करने वाला जानवर बाघ ही था या कोई अन्य वन्यजीव।
इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वे इस क्षेत्र में गश्त बढ़ाएं और वन्यजीवों से होने वाले खतरे से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए उचित कदम उठाएं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›