Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

डीडीहाट में दहशत! जंगल जा रही महिला पर तेंदुए का हमला, साथियों के हौसले से बची जान

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ के डीडीहाट, मिर्थी में घास काटने गई भागीरथी देवी पर दिन दहाड़े तेंदुए ने हमला किया। साथियों ने शोर मचाकर बचाया। हमले से महिला गंभीर रूप से घायल, क्षेत्र में तेंदुए की बढ़ती आवाजाही से दहशत।

पिथौरागढ़। जिले के डीडीहाट स्थित मिर्थी गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घास काटने के लिए साथियों के साथ जंगल जा रही एक महिला पर झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। समूह में सबसे आगे चल रहीं भागीरथी देवी (पत्नी लक्ष्मण सिंह) पर सुबह करीब 10 बजे यह हमला हुआ। हालांकि, भागीरथी देवी ने भी हिम्मत दिखाई और तेंदुए से भिड़ गईं। उनकी साथी महिलाओं ने भी शोर मचाते हुए उनकी तरफ दौड़ लगाई, जिसके बाद तेंदुआ भाग गया और महिला की जान बच गई।
इस हमले में भागीरथी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। तेंदुए ने उनके चेहरे और हाथों पर गहरे घाव कर दिए थे। ग्रामीण उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट ले गए। डॉक्टर बीएस मेहरा ने बताया कि उनके मुंह में सात और हाथों में पांच टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है। दिन-दहाड़े हुए तेंदुए के इस हमले की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
हादसे की सूचना मिलने पर नगर पालिकाध्यक्ष डीडीहाट गिरीश चुफाल, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र धामी और एसडीएम खुशबू पांडे तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल महिला का हाल जाना और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। एसडीएम खुशबू पांडे ने बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग को तुरंत क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायल महिला को नियमानुसार मुआवजा देने का भी निर्देश दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मिर्थी और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से तेंदुआ आए दिन सड़कों के किनारे या आबादी क्षेत्र के पास नजर आ रहा है। वन विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि ठंड बढ़ने के कारण खाने की तलाश में वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल जाने या अन्य काम के लिए अकेले न निकलें, बल्कि हमेशा समूह में रहें।

Select Language

Advertisement