उधमसिंह नगर

कृषि नवाचार और परंपरा का संगम बने पंतनगर: मुख्यमंत्री धामी

पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में 118वें अखिल भारतीय किसान मेले के तीसरे दिन बोले मुख्यमंत्री, पूर्वजों की कृषि विधियों से लें प्रेरणा, बढ़ाएं आत्मनिर्भरता की राह
रुद्रपुर। पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित 118वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी के तीसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। उन्होंने कृषि गोष्ठी व संवाद कार्यक्रम में किसानों, वैज्ञानिकों और उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि वैज्ञानिकों को पारंपरिक कृषि पद्धतियों पर शोध कर पूर्वजों की विधियों से प्रेरणा लेनी चाहिए तथा उन्हें आधुनिक कृषि के साथ समाहित करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यही मिश्रण भारतीय कृषि को आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय का किसान मेला केवल कृषि उत्पादों या यंत्रों के प्रदर्शन का मंच नहीं है, बल्कि यह किसानों, वैज्ञानिकों और उद्यमियों के बीच ज्ञान, नवाचार और अनुभवों के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले में 400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें से 200 स्टॉल देशभर के विभिन्न राज्यों से आए कृषि उद्यमियों, उद्योगों और स्टार्टअप्स के हैं। यह पहल किसानों को नवीन तकनीक, उन्नत बीजों और अनुसंधान से सीधे जोड़ने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि राज्य की कृषि व्यवस्था को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण, सिंचाई, जैविक खेती, प्रसंस्करण और विपणन को सशक्त करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा विकसित नवीन दलहनी फसलों की प्रजातियों को लॉन्च किया तथा ‘पंतनगर प्रवाह’ नामक पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय प्रदेश ही नहीं, पूरे देश की कृषि प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और यहां का अनुसंधान किसानों की प्रगति का आधार बन रहा है। उन्होंने वैज्ञानिकों से आग्रह किया कि अनुसंधान के परिणामों को सरल भाषा में किसानों तक पहुंचाया जाए ताकि वे उसका लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा सहित कई जनप्रतिनिधि, वैज्ञानिक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Select Language

© 2025, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates

To Top
English हिन्दी